भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश में बीते चार दिनों से जारी बारिश और ओलावृष्टि पर फिलहाल विराम लग गया है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ था, लेकिन अब बारिश की गतिविधियां थमने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के लगभग 20 जिलों में कोहरा छाए रहने की संभावना है। ग्वालियर-चंबल संभाग, बुंदेलखंड, रीवा संभाग के साथ-साथ भोपाल और इंदौर संभाग के कई जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिला। आने वाले दो दिनों तक भी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।