जबलपुर (ईन्यूज एमपी)- जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। शाहपुरा थाना क्षेत्र में गुरुकृपा पेट्रोल पंप के पास ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड से गुजर रही एक कार पर अचानक हाईवा गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत की पुष्टि हुई है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी में दो मौतों की आशंका जताई गई थी, लेकिन फिलहाल पुलिस ने एक मौत की ही पुष्टि की है। हादसे की सूचना मिलते ही शाहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हाईवा के नीचे दबे कार सवारों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। शाहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने बताया कि कार में सवार चार घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभी तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। हाईवा को हटाने के बाद ही मृतकों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि हादसा गुरुकृपा पेट्रोल पंप के पास ओवरब्रिज के नीचे हुआ है। मौके पर पुलिस की पूरी टीम मौजूद है। कार में सवार लोग आसपास के क्षेत्र के हो सकते हैं, हालांकि मृतक और घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। मामले की जांच की जा रही है।