भोपाल(ईन्यूज एमपी)-केंद्रीय बजट 2026-27 को राज्य एवं केंद्र की योजनाओं और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बजट की व्यापक सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा और देश की वैश्विक छवि को मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है और इसका लाभ प्रत्यक्ष रूप से आमजन तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि बजट समावेशी विकास की भावना को प्रतिबिम्बित करता है और इससे आर्थिक वृद्धि को नई गति मिलेगी। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बजट में 5,000 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा उन शहरों के विकास के लिए की गई है जिनकी जनसंख्या 5 लाख से अधिक है, साथ ही सभी शहरी आर्थिक क्षेत्रों के विकास को भी प्राथमिकता दी गई है। बजट में छोटे शहरों में तीर्थस्थलों के विकास, प्रत्येक जिले में महिला हॉस्टल निर्माण और जिला अस्पतालों के उन्नयन जैसे प्रावधान भी शामिल हैं जो राज्य को व्यापक लाभ पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में वस्त्र क्षेत्र के सुधारों पर विशेष जोर दिया गया है, जो मध्य प्रदेश सहित पूरे देश के लिए लाभकारी होंगे। मुख्यमंत्री ने पीएम मित्रा पार्क परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे तीन लाख लोगों को रोजगार मिलेगा और छह लाख किसानों को लाभ पहुंचने की संभावना है। बजट में टेक्सटाइल क्षेत्र, स्वास्थ्य, अवसंरचना, महिला सुरक्षा तथा ग्रामीण एवं शहरी विकास के क्षेत्रों के लिए किये गये प्रावधानों पर मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा मध्यम और छोटे उद्यमों को वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को बजट प्रस्तुत करने के लिये बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा कहा कि यह बजट सभी वर्गों के लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।