पचमढ़ी(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में सोमवार सुबह एक होटल में हुए एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 8:30 बजे होटल सिनेरिटी में हुए धमाके की आवाज 20 मीटर दूर स्थित पांडव रिट्रीट तक सुनाई दी। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि होटल के एक हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के वक्त होटल में ठहरे महाराष्ट्र के बुलढाना जिले के एक ही परिवार के चार सदस्य, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा होटल का एक कुक भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही पचमढ़ी थाना प्रभारी पदम सिंह मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल पचमढ़ी अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस थाने से 200 मीटर दूर हुआ धमाका होटल सिनेरिटी पचमढ़ी थाने से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। यह होटल सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, पचमढ़ी के सहायक संचालक संजीव शर्मा का बताया जा रहा है, जिसे कांग्रेस नेता के भाई तुषार जायसवाल पिछले डेढ़ साल से किराए पर संचालित कर रहे हैं। घटना के बाद होटल परिसर को सील कर दिया गया है और किसी भी व्यक्ति को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। घायल पिपरिया और नर्मदापुरम रेफर प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पिपरिया रेफर किया गया, जबकि एक गंभीर घायल को नर्मदापुरम भेजा गया है। नर्मदापुरम से फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को जांच के लिए रवाना किया गया है। तहसीलदार भी मौके पर पहुंच रहे हैं। कमर्शियल सिलेंडर मिला, जांच जारी पुलिस जांच के दौरान होटल परिसर से एक कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर बरामद हुआ है। पिपरिया एसडीएम आईएएस आकिब खान ने बताया कि प्राथमिक तौर पर सिलेंडर फटने की सूचना है, हालांकि ब्लास्ट के वास्तविक कारणों का पता एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। तहसीलदार वैभव बैरागी को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। हादसे के बाद पचमढ़ी के होटल कारोबार और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।