नई दिल्ली(ईन्यूज एमपी)- आज 1 फरवरी 2026 को देश का आम बजट पेश किया जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे संसद में बजट प्रस्तुत करेंगी। बजट को लेकर आमजन, नौकरीपेशा वर्ग, किसान और मध्यम वर्ग में खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बजट में सरकार कई बड़े और दूरगामी फैसलों की घोषणा कर सकती है। सूत्रों और बजट पूर्व चर्चाओं के अनुसार नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। आयकर स्लैब में बदलाव करते हुए 13 लाख रुपये तक की आय को टैक्स फ्री किए जाने की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है, तो यह मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौगात मानी जाएगी। इसके साथ ही इम्पोर्ट ड्यूटी में कटौती होने पर सोने और चांदी की कीमतों में भी कमी आ सकती है, जिससे आम उपभोक्ताओं और निवेशकों को राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों के लिए भी बजट से बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं। पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के तहत दी जाने वाली वार्षिक राशि को 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किए जाने की संभावना जताई जा रही है। यदि यह घोषणा होती है, तो देश के करोड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे सेक्टर में भी बड़े ऐलान संभव हैं। वेटिंग लिस्ट कम करने और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 300 से अधिक नई अमृत भारत और वंदे भारत ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया जा सकता है। इसके साथ ही रेलवे को अब तक का सबसे बड़ा बजटीय आवंटन मिलने की भी संभावना है। स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के दायरे को और बढ़ाया जा सकता है, जिससे अधिक से अधिक गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सके। इधर, बजट को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज है। भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय सहित प्रदेश भर में केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण किया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन एक साथ बैठकर बजट का श्रवण करेंगे। भाजपा द्वारा 1 फरवरी से 15 फरवरी तक “बजट प्रचार अभियान-2026” चलाया जाएगा। इसके तहत प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया गया है और जिलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बजट की प्रमुख घोषणाओं और जनहितकारी प्रावधानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। कुल मिलाकर, आज पेश होने वाला बजट देश की अर्थव्यवस्था, आम आदमी, किसान, कर्मचारी और बुनियादी ढांचे के विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें संसद में होने वाले बजट भाषण पर टिकी हैं।