enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, श्योपुर-मुरैना में ओलावृष्टि की आशंका

मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, श्योपुर-मुरैना में ओलावृष्टि की आशंका

भोपाल/सीधी-मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। घने कोहरे के बीच रविवार को प्रदेश के उत्तरी हिस्से के 15 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। श्योपुर और मुरैना जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आंधी की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि अगले चार दिनों तक प्रदेश में मावठा गिरने के आसार बने हुए हैं।

रविवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं भोपाल, इंदौर, सागर, विदिशा, उज्जैन और रतलाम में बादल छाए रहने की संभावना है।

इससे पहले शनिवार और रविवार सुबह छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में मध्यम कोहरा देखने को मिला, जबकि भोपाल और इंदौर में भी कोहरे का असर रहा। कई स्थानों पर दृश्यता कम होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कड़ाके की ठंड के बीच माघ पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु नर्मदा के विभिन्न घाटों पर स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। ठंड और कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी।

अगले तीन दिन का पूर्वानुमान भी मौसम के बदले मिजाज की ओर इशारा कर रहा है। 2 फरवरी को ग्वालियर, भोपाल, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 3 फरवरी को ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 4 फरवरी को छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में बारिश का अलर्ट है, जबकि ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड और दतिया सहित कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और जेट स्ट्रीम हवाओं के प्रभाव से यह स्थिति बनी है। 2 से 5 फरवरी के बीच इसका असर ज्यादा रहेगा, जिससे 10 फरवरी तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। जेट स्ट्रीम के कारण सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

विभाग का यह भी कहना है कि पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और बारिश के बाद जब यह सिस्टम वापस लौटेगा, तब प्रदेश में ठंड का एक और दौर देखने को मिल सकता है। इससे दिन और रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

शनिवार को ग्वालियर, रीवा और दतिया में घना कोहरा छाया रहा, जबकि 20 से अधिक जिलों में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान के लिहाज से छतरपुर का खजुराहो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है।

Share:

Leave a Comment