enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में फिर बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में ओलावृष्टि, 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

एमपी में फिर बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में ओलावृष्टि, 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड के मौसम में बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मंगलवार को गुना, उज्जैन, आगर-मालवा और शाजापुर में अचानक ओले गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ, जबकि प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति बुधवार को भी बनी रहेगी। ग्वालियर और सागर संभाग सहित प्रदेश के 14 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सागर और दमोह शामिल हैं।

इसके अलावा श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, शहडोल, नीमच और मंदसौर सहित कई जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

बुधवार सुबह प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कोहरे का असर भी देखने को मिला। ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर और रीवा में मध्यम कोहरा छाया रहा। वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, सीहोर समेत कई अन्य जिलों में भी सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित रही।

मौसम के अचानक बदले मिजाज से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खासकर ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

Share:

Leave a Comment