enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश गडकरी ने खोला विकास का पिटारा, एमपी को हजारों करोड़ की सड़क सौगात

गडकरी ने खोला विकास का पिटारा, एमपी को हजारों करोड़ की सड़क सौगात

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मंगलवार को प्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक से पहले मंत्रियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को उनकी सफल दावोस यात्रा के लिए बधाई दी और पुष्प-गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री हाल ही में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम-2026 में भाग लेकर स्वदेश लौटे हैं।

मंत्रियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जो स्पेस टेक्नोलॉजी नीति को प्रभावी रूप से लागू कर रहा है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को प्रदेश में आयोजित एआई कॉन्फ्रेंस ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। इस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कई नामी और प्रतिष्ठित संस्थान मध्यप्रदेश से जुड़े हैं। राज्य सरकार अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को नए विजन के साथ लागू करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते कुछ दिन मध्यप्रदेश के लिए उपलब्धियों से भरे रहे हैं। 17 जनवरी को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने विदिशा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश को राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 4400 करोड़ रुपए की सौगात दी। इस राशि से 181 किलोमीटर लंबाई की चार प्रमुख परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने सीआरएफ योजना के तहत सड़क विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त 1600 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। वहीं प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर सड़कों के निर्माण के लिए 4500 करोड़ रुपए की अलग से स्वीकृति दी गई है। इस राशि से प्रदेश में करीब 50 नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इन सभी सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद मध्यप्रदेश राष्ट्रीय राजमार्गों के घनत्व के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। इससे प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश और आवागमन को नई गति मिलेगी।

दावोस यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान उनकी कई अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से सार्थक बातचीत हुई है। दुबई के बड़े निवेशकों और मैनचेस्टर यूनाइटेड फुटबॉल क्लब के एक्जीक्यूटिव्स के साथ भी चर्चा हुई, जिनका मध्यप्रदेश को लेकर सकारात्मक रुख सामने आया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस यात्रा का लाभ आने वाले समय में प्रदेश को बड़े निवेश और रोजगार के अवसरों के रूप में मिलेगा।

Share:

Leave a Comment