enewsmp.com
Home सीधी दर्पण कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया विशेष चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया विशेष चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

सीधी(ईन्यूज एमपी)-गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर स्वराज संस्थान संचालनालय, संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा वन्देमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसके साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा मध्यप्रदेश शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विकास कार्यों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें ‘कृषि वर्ष’ को विशेष थीम के रूप में प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। मुख्य समारोह की समाप्ति के उपरांत मानस भवन में प्रदर्शनी का शुभारंभ कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी एवं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी द्वारा किया गया।

स्वराज संस्थान संचालनालय द्वारा आयोजित चित्र प्रदर्शनी में वन्देमातरम् गीत की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, इसके रचनाकार राष्ट्रकवि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के योगदान, स्वतंत्रता संग्राम में इस गीत की भूमिका तथा इससे जुड़ी राष्ट्रचेतना को चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक गौरव की भावना को और प्रबल किया।

जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी में ‘कृषि वर्ष’ के अंतर्गत किसानों की आय वृद्धि, आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण, कृषि आधारित उद्योग, महिला एवं युवा कृषकों को प्रोत्साहन जैसे विषयों को विशेष रूप से दर्शाया गया। इसके साथ ही साइबर तहसील, सिंहस्थ 2028 की तैयारियाँ, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्टार्ट-अप प्रोत्साहन, 24ग7 डायल 112, सुशासन, सड़क एवं शहरी विकास, औद्योगिक निवेश, खेल सुविधाओं का विस्तार, सौर ऊर्जा, प्रधानमंत्री आवास योजना, नदी जोड़ो परियोजना, जनजातीय उत्थान, जल गंगा संवर्धन अभियान एवं गौ-संरक्षण जैसे विषयों पर आधारित झलकियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास श्री राकेश शुक्ला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मिनी अग्रवाल, जिला जनसम्पर्क अधिकारी श्री मुकेश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा इसे प्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी प्रयासों को जनसामान्य तक पहुँचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

Share:

Leave a Comment