enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन, कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने किया ध्वजारोहण और ली परेड की सलामी

सीधी में गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन, कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने किया ध्वजारोहण और ली परेड की सलामी

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में जिला कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के साथ परेड का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में सीधी विधायक रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह सहित जिले के समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण से हुई, इसके पश्चात रंगीन गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया। ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया गया और मुख्यमंत्री के संदेश के वाचन उपरांत परेड की सलामी ली गई। पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों ने मंच के सामने से आकर्षक मार्च पास्ट किया, जिसके बाद कलेक्टर ने सभी प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
इसके उपरांत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विभागों द्वारा विकास आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों और शासकीय सेवकों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए।

Share:

Leave a Comment