enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में अवैध रेत उत्खनन पर पुलिस का शिकंजा, भरुही नदी घाट से टाटा 407 जब्त, आरोपी गिरफ्तार

सीधी में अवैध रेत उत्खनन पर पुलिस का शिकंजा, भरुही नदी घाट से टाटा 407 जब्त, आरोपी गिरफ्तार

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सीधी पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बहरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भरुही नदी घाट पर दबिश देकर अवैध रूप से रेत लोड कर रहे टाटा 407 वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में खनिज माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पांडेय को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भरुही निवासी आशीषधर द्विवेदी अपने टाटा 407 वाहन क्रमांक UP 64 T 6055 के माध्यम से भरुही नदी घाट से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और नदी घाट के आसपास घेराबंदी की गई।

पुलिस के पहुंचते ही चालक को इसकी जानकारी लग गई और पकड़े जाने के डर से उसने वाहन को नदी से बाहर निकालकर चढ़ाई पर ही आधी ट्रॉली रेत खाली कर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को मौके पर ही रोक लिया।

पुलिस ने आरोपी आशीषधर द्विवेदी पिता चतुराजधर द्विवेदी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम भरुही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद सुबह करीब 3:10 बजे गवाहों की मौजूदगी में टाटा 407 वाहन को जप्त कर लिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के माध्यम से सीधी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और खनिज माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पांडेय, उप निरीक्षक अविनेश चौधरी एवं आरक्षक रजनीश द्विवेदी की सराहनीय भूमिका रही।

Share:

Leave a Comment