सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। जोगदह पुल के पास रात करीब 10 बजे एक डीजल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि क्लीनर गोरेलाल यादव को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। टैंकर पलटते ही बहने लगा डीजल, मच गई लूट टैंकर के पलटते ही उससे बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर बहने लगा। कुछ ही देर में हादसे की खबर आसपास के गांवों में फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। हैरानी की बात यह रही कि खतरे की परवाह किए बिना लोग बाल्टी, डिब्बे और कैन लेकर डीजल भरने लगे। कुछ ही देर में मौके पर डीजल लूटने की होड़ मच गई। जरा सी चिंगारी से हो सकता था बड़ा हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर फैले डीजल के कारण हालात बेहद खतरनाक हो गए थे। लोगों का कहना था कि अगर उस दौरान जरा सी भी चिंगारी या आग लग जाती, तो बड़ा धमाका हो सकता था और आसपास का इलाका आग की चपेट में आ सकता था। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर डीजल भरते नजर आए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति हादसे की सूचना मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल की घेराबंदी की और डीजल लूट रहे लोगों को वहां से खदेड़ा। साथ ही, सुरक्षा कारणों से सड़क मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। पुलिस के अनुसार यह डीजल टैंकर उत्तर प्रदेश से बहरी की ओर जा रहा था। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और टैंकर को हटाने की कार्रवाई जारी है। दुर्घटना को अवसर बनाने की मानसिकता पर सवाल इस घटना ने एक बार फिर समाज की उस मानसिकता को उजागर कर दिया है, जहां दुर्घटनाओं को भी अवसर मान लिया जाता है। जानलेवा खतरे के बावजूद डीजल लूटने की कोशिश न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे कई लोगों की जान भी जा सकती थी। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं में संयम बरतें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।