सीधी(ईन्यूज एमपी)- सीधी–सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने संसदीय क्षेत्र के ग्राम गंजरी का दौरा कर अजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे महुआ लड्डू की संपूर्ण निर्माण प्रक्रिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके कार्य, उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पारंपरिक वनोपज महुआ का उपयोग कर स्वरोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण और आदिवासी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। महुआ जैसे स्थानीय संसाधनों से बने उत्पाद रोजगार सृजन के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास वोकल फॉर लोकल और महिला सशक्तिकरण की भावना को साकार कर रहे हैं। गुणवत्ता और विपणन पर ध्यान देकर इन उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जा सकता है। इस अवसर पर अजीविका मिशन के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्व-सहायता समूह की सदस्याएं मौजूद रहीं।