enewsmp.com
Home सीधी दर्पण अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई

अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई

गोपद नदी क्षेत्र में रेत का अवैध भंडारण ध्वस्त, बिना नंबर के वाहन जब्त

सीधी(ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशानुसार एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी विकास कुमार आनंद तथा जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में ग्राम गुडुआधार, तहसील कुसमी में खनिज रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की शिकायत पर नायब तहसीलदार पोड़ी अमित दुबे, थाना प्रभारी कुसमी अरुणा द्विवेदी एवं प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव के संयुक्त दल द्वारा जांच एवं कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान गोपद नदी से लगे क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से संग्रहित लगभग 20 डंपर रेत को नदी में वापस डलवाकर तथा पहुंच मार्ग को गड्ढा खोदकर अवरुद्ध किया गया। साथ ही भूमि स्वामियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही की जा रही है।

इसी प्रकार अमिलिया बाजार, तहसील सिहावल से बिना नंबर के वाहन द्वारा अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए जाने पर वाहन चेसिस क्रमांक DMB841MHDESC099018 को जब्त कर थाना अमिलिया में सुरक्षित खड़ा कराया गया। वहीं ग्राम कमर्जी, तहसील चुरहट से अवैध परिवहन में संलिप्त बिना नंबर के ट्रैक्टर जॉन डियर इंजन नंबर CL3029D653509 को जब्त कर थाना कमर्जी में खड़ा कराया गया।

जप्त वाहनों के मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दण्डात्मक कार्यवाही हेतु कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई हेतु जिला परिवहन अधिकारी को पृथक से पत्र प्रेषित किया जाएगा।

खनिज, राजस्व एवं पुलिस अमले द्वारा जिले में अवैध खनन की रोकथाम हेतु निरंतर संयुक्त कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में सैनिक शिवशंकर सिंह, तेजबहादुर सिंह, अनिल पाठक एवं वाहन चालक रामपाल केवट की भूमिका सराहनीय रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसी सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

Share:

Leave a Comment