भोपाल ( ईन्यूज़ एमपी) : मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार आईएएस साकेत मालवीय को अशोकनगर जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे वर्ष 2014 बैच के अधिकारी हैं। साकेत मालवीय इससे पहले कर्मचारी चयन मंडल, मध्य प्रदेश भोपाल में संचालक के पद पर कार्यरत थे। साकेत मालवीय का प्रशासनिक अनुभव विंध्य क्षेत्र से गहराई से जुड़ा रहा है। वे सतना और सिंगरौली जिलों में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में कार्य कर चुके हैं, वहीं सीधी जिले में कलेक्टर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। स्थानीय प्रशासन, ग्रामीण विकास और निर्वाचन जैसे क्षेत्रों में उनके अनुभव को देखते हुए अशोकनगर जिले में सुचारु प्रशासन और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसी आदेश में 2014 बैच के आईएएस आदित्य सिंह को कलेक्टर, अशोकनगर के पद से हटाकर भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास, भोपाल का संचालक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें उप सचिव, मध्य प्रदेश शासन के समकक्ष पद भी सौंपा गया है। इसके अलावा 2012 बैच के आईएएस अजय कटेसरिया को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ आगामी आदेश तक कर्मचारी चयन मंडल, मध्य प्रदेश भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। शासन द्वारा किए गए इन प्रशासनिक फेरबदल को आगामी समय में जिला एवं विभागीय स्तर पर कार्य संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।