कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन व गणतंत्र दिवस तैयारियों की समीक्षा की सीधी(ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण, समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम, कलेक्टर–कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के बिंदुओं की प्रगति तथा आगामी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की विभागवार एवं प्रकरणवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिक न होकर हितग्राही की वास्तविक समस्या का समाधान होना चाहिए। समाधान ऑनलाइन व लंबित प्रकरणों पर सख्ती कलेक्टर ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में चयनित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। लंबित मामलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट एवं जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर–कमिश्नर कॉन्फ्रेंस बिंदुओं की समीक्षा बैठक में कलेक्टर–कमिश्नर कॉन्फ्रेंस से प्राप्त निर्देशों एवं बिंदुओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े कार्यों में पूर्ण गंभीरता, आपसी समन्वय एवं समयबद्धता आवश्यक है। गणतंत्र दिवस तैयारियों पर विशेष फोकस बैठक में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने समारोह स्थल, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, अतिथि सत्कार, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित सभी तैयारियों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया जाए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, एसडीएम गोपद बनास राकेश शुक्ला, सिहावल प्रिया पाठक, चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।