enewsmp.com
Home सीधी दर्पण कोष्टा पहुंचे अजय सिंह राहुल, पूर्व सांसद गोविंद मिश्र के पिता हनुमान को दी श्रद्धांजलि

कोष्टा पहुंचे अजय सिंह राहुल, पूर्व सांसद गोविंद मिश्र के पिता हनुमान को दी श्रद्धांजलि

सीधी(ईन्यूज एमपी)-पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल सोमवार को ग्राम कोष्टा पहुंचे, जहां उन्होंने चुरहट विधायक एवं सीधी के पूर्व सांसद गोविंद मिश्र एवं वरिष्ठ समाजसेवी बृजेंद्रनाथ मिश्र के पूज्य पिता स्वर्गीय हनुमान प्रसाद मिश्र के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। अजय सिंह राहुल ने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतृप्त परिजनों को ढाढस बंधाया।

इस अवसर पर अजय सिंह राहुल ने कहा कि स्वर्गीय हनुमान प्रसाद मिश्र एक सरल, सौम्य और सम्मानित व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने पूर्व सांसद गोविंद मिश्र, वरिष्ठ समाजसेवी बृजेंद्रनाथ मिश्र, अनेन्द्र मिश्र राजन सहित समस्त परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

गौरतलब है कि अजय सिंह राहुल और पूर्व सांसद गोविंद मिश्र के परिवारों के बीच अत्यंत पुराना पारिवारिक संबंध रहा है। स्वर्गीय हनुमान प्रसाद मिश्र, अजय सिंह राहुल के पूज्य पिता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के निकट सहयोगी और मित्र रहे थे। दोनों के बीच गहरी मित्रता रही, जिसे आज भी परिवारों द्वारा सहेजा जा रहा है। इसी आत्मीय संबंध के चलते अजय सिंह राहुल दाऊ साहब के सहपाठी को श्रद्धांजलि देने कोष्टा पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय हनुमान प्रसाद मिश्र का हाल ही में भोपाल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। वे 105 वर्ष की आयु पूर्ण कर देवलोक गमन कर गए। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।

इसके पहले डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल , सतना सांसद गणेश सिंह , रीवा सांसद जनार्दन प्रसाद मिश्र एवं सीधी सांसद राजेश मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कोष्टा पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Share:

Leave a Comment