सीधी(ईन्यूज एमपी)- छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित सीधी चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-9 के फाइनल मुकाबले के अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, साहस और अनुशासन होते हैं, यही किसी खिलाड़ी की वास्तविक सफलता है। उप मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि खिलाड़ी को परिणाम से भयभीत हुए बिना पूरे समर्पण के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्रिकेट केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास का माध्यम है, जो उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और आपसी समन्वय को मजबूत करता है। समापन अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने फाइनल मैच में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके बेहतर प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि जीत पर अहंकार और हार पर निराशा नहीं होनी चाहिए, बल्कि पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ किया गया प्रयास ही सच्ची जीत है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजन जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और ग्रामीण व शहरी युवाओं को एक मंच पर लाकर सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान, के.के. तिवारी, डॉ. अनूप मिश्रा, डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।