enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भाजपा ने निगम-मंडल नियुक्तियों की रणनीति बदली, एक साथ की जाएगी घोषणा

भाजपा ने निगम-मंडल नियुक्तियों की रणनीति बदली, एक साथ की जाएगी घोषणा

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निगमों और मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर अपनी रणनीति बदल दी है। अब पार्टी एक-एक करके नहीं बल्कि एकमुश्त सूची जारी कर सभी नियुक्तियों को एक साथ करेगी। इस रणनीति परिवर्तन से प्रदेश में नियुक्तियों के लंबे समय से चले आ रहे इंतज़ार को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है।
पार्टी पहले कई किस्तों में नियुक्तियाँ करने का विचार कर रही थी, जिसमें अधिकारीयों के अलावा विकास प्राधिकरणों और क्षेत्रीय विकास प्राधिकरणों जैसे विंध्य, बुंदेलखंड और महाकोशल में अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के पदों पर नियुक्तियाँ शामिल थीं। लेकिन अब केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद सभी सूची को अंतिम रूप देकर जारी करने का निर्णय लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दावोस से लौटने के बाद राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के साथ प्रदेश नेतृत्व की बैठक अगले सप्ताह होने वाली है, जिसमें नियुक्तियों की अंतिम सूची को स्वीकृति दी जाएगी। माना जा रहा है कि इस सूची में लगभग 35 नेताओं के नाम शामिल हो सकते हैं। इसके बाद यह सूची मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र से पहले जारी कर दी जाएगी।
इस प्रक्रिया में कुछ पूर्व विधायकों और वरिष्ठ नेताओं का पुनर्वास भी संभव है। पिछले चुनावों के बाद कई पूर्व मंत्री और विधायक पदों की प्रतीक्षा में बैठे हैं। इनमें जयंत मलैया, ब्रजेंद्र प्रताप सिंह, हरिशंकर खटीक सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार क्षेत्रीय संतुलन कायम करने की कोशिश के साथ वरिष्ठता के आधार पर भी नियुक्तियाँ की जाएंगी।
पूर्व मंत्रियों तथा विधायकों के लिए यह नियुक्तियाँ उनके राजनीतिक पुनरुद्धार का अवसर भी मानी जा रही हैं, जिससे भाजपा संगठन को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share:

Leave a Comment