enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में मवेशियों से लदी पिकअप खेत में पलटी, फसल बर्बाद

सीधी में मवेशियों से लदी पिकअप खेत में पलटी, फसल बर्बाद

सीधी में मवेशियों से लदी पिकअप खेत में पलटी, फसल बर्बाद

अमिलिया थाना क्षेत्र के टीकर बघौड़ी मार्ग पर हादसा, तीखे मोड़ पर चालक से बिगड़ा संतुलन



सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टीकर बघौड़ी मार्ग पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मवेशियों से लदी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में जहां कुछ मवेशियों को चोटें आईं, वहीं खेत में खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन देवसर से उत्तर प्रदेश की ओर जा रही थी। टीकर बघौड़ी मार्ग पर स्थित तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे पिकअप सीधे खेत में जाकर पलट गई। दुर्घटना के समय वाहन में कई मवेशी लदे हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने खेत में पलटे वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

जिस किसान के खेत में वाहन पलटा, उसकी खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। पीड़ित किसान ने प्रशासन से फसल नुकसान के बदले उचित मुआवजे की मांग की है। किसान का कहना है कि फसल नष्ट होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और किसान से नुकसान को लेकर आवेदन भी ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि टीकर बघौड़ी मार्ग पर मोड़ों के पास चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Share:

Leave a Comment