सीधी (ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माखननगर जिला नर्मदापुरम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सीधी जिले में जिला पंचायत सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं योजना की हितग्राही महिलाएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बहनों का सशक्तिकरण मध्यप्रदेश सरकार का सर्वाेच्च संकल्प है। लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। इस योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिससे वे अपने परिवार की आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण पर बेहतर ढंग से ध्यान दे पा रही हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं तो परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं। प्रदेश सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू कर रही है। सरकार भविष्य में भी लाड़ली बहना योजना को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की प्रत्येक महिला आत्मनिर्भर बन सके और समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सके। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली ऐतिहासिक योजना है। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार एवं समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान सीधी जिले की 2 लाख 07 हजार 945 पात्र महिलाओं के खातों में प्रति महिला 1500 रुपये की दर से कुल 30 करोड़ 80 लाख 2 हजार 100 रुपये की राशि अंतरित की गई। जिले में योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत कुसमी की 17269, मझौली की 28942, रामपुर नैकिन की 43706, सीधी की 54135 तथा सिहावल की 51207 महिलाओं को लाभ मिला। वहीं नगरीय निकायों में नगर पालिका परिषद सीधी की 6068, नगर परिषद चुरहट की 2408, नगर परिषद मझौली की 2082 तथा नगर परिषद रामपुर नैकिन की 2128 महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की गई। इस प्रकार जिले के ग्रामीण एवं नगरीय दोनों क्षेत्रों की पात्र महिलाओं को योजना का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति सदस्य सचीन्द्र मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास प्रवेश मिश्रा, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास अंजली पाण्डेय, परिवीक्षा अधिकारी अनुराग पाण्डेय, परियोजना अधिकारी ममता सिंह, प्रशासक सरोज खरे, केस वर्कर अरुणिमा पाठक, पुष्पलता शर्मा, मंजुला तिवारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं लाड़ली बहना योजना की बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाएं उपस्थित रहीं।