enewsmp.com
Home सीधी दर्पण टिकरी टोल प्लाजा पर मैनेजर से मारपीट, दो आरोपियों पर केस दर्ज

टिकरी टोल प्लाजा पर मैनेजर से मारपीट, दो आरोपियों पर केस दर्ज

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकरी टोल प्लाजा पर टोल मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के अंतर्गत संचालित टिकरी टोल प्लाजा का टेंडर बालाजी कंपनी के पास है। टोल प्लाजा में मैनेजर के पद पर कार्यरत जीवन रथ के साथ गुरुवार शाम करीब 7 बजे अनूप मिश्रा नामक व्यक्ति ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर मारपीट की। घटना टोल प्लाजा परिसर में ही हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद टोल भुगतान को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि मैनेजर के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की जा रही है, जबकि मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारी बीच-बचाव करने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद टोल प्लाजा कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।

मामले की जानकारी मिलते ही मड़वास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) और 351(3) के तहत दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें एक आरोपी अनूप मिश्रा नामजद है, जबकि दूसरे आरोपी को अन्य के रूप में दर्ज किया गया है।

टिकरी चेक पोस्ट प्रभारी सहायक उप निरीक्षक प्रमोद तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने पुष्टि की कि टोल मैनेजर के साथ मारपीट हुई है और आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment