भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार, 16 जनवरी को नर्मदापुरम जिले के माखन नगर (बाबई) में आयोजित लाड़ली बहना योजना के राज्य स्तरीय सम्मेलन में योजना की 32वीं किश्त का अंतरण करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख 31 हजार से अधिक पात्र लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा 29 लाख से अधिक बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि का भी अंतरण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। योजना के तहत नवंबर 2025 से सहायता राशि में 250 रुपये की वृद्धि की गई, जिसके बाद अब पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत जून 2023 से दिसंबर 2025 तक कुल 31 किश्तों का नियमित रूप से अंतरण किया जा चुका है। जनवरी 2026 में 32वीं किश्त का अंतरण किया जा रहा है। अब तक जून 2023 से दिसंबर 2025 की अवधि में कुल 48 हजार 632 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि हितग्राही महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है। वहीं जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के बीच 38 हजार 635 करोड़ 89 लाख रुपये का अंतरण हुआ है। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान मिला है। सरकार द्वारा आगामी समय में योजना से जुड़ी महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल उन्नयन कार्यक्रमों से जोड़ने के प्रयास भी किए जाएंगे, ताकि वे आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकें।