सीधी(ईन्यूज एमपी)- बीती शाम मकर संक्रांति मेले की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मेले से लौट रहे रावत परिवार के तीन युवकों की एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह भीषण हादसा जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटा नाला के पास हुआ, जहां एक मोटरसाइकिल तेज रफ्तार बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक चुरहट के कोलदह घाटके मेले से लौट रहे थे, तभी सीधी से रीवा की ओर जा रही कृष्णा ट्रेवल्स की बस (क्रमांक MP-17 P-1250) से उनकी मोटरसाइकिल भिड़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जमोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल में रखवाया गया है जहां आज गुरूवार को उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का बुरा हाल है उल्लास के बीच हुई इस ह्रदय विदारक घटना से सभी शोक में है। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान इस प्रकार की गई है— दीपक कोल (17 वर्ष), पिता होडीला कोल, निवासी पनवार सेंगरान आशीष कोल (20 वर्ष), पिता पिंटू कोल, निवासी पनवार सेंगरान मोहित कोल (18 वर्ष), पिता लालवा कोल, निवासी भितरी घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर लिया है तथा बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह एक गंभीर सड़क दुर्घटना प्रतीत होती है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। सड़क की स्थिति, वाहनों की गति और संभावित लापरवाही जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विवेचना जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।