enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में ठंड का कहर जारी, 15 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ; मावठे के आसार

एमपी में ठंड का कहर जारी, 15 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ; मावठे के आसार

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 15 जनवरी से एक नया और स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम के प्रभाव से 2 से 3 दिन बाद मध्यप्रदेश के उत्तरी हिस्सों में मावठा गिरने की संभावना है। इसके पहले ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग में मध्यम कोहरा और तेज ठंड का असर बना रहेगा।

मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, खजुराहो, गुना, शिवपुरी, शाजापुर और सीहोर में भी कोहरे का असर रहा। अधिकांश जगहों पर विजिबिलिटी 1 से 2 किलोमीटर के बीच रही।

उत्तरी मध्यप्रदेश में सर्द हवाओं का प्रभाव ज्यादा देखा जा रहा है। बर्फीली हवाओं के कारण ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से नीचे बना हुआ है। दतिया और श्योपुर जैसे जिलों में भी कड़ाके की ठंड जारी है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा
रविवार-सोमवार की रात प्रदेश में सबसे कम तापमान शहडोल जिले के कल्याणपुर में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर में 5.6 डिग्री, दतिया में 5.4 डिग्री, राजगढ़ और पचमढ़ी में 5.6 डिग्री, मंडला में 5.9 डिग्री और खजुराहो में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। प्रदेश के अधिकांश जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे ही बना हुआ है।

सोमवार को दिन में दतिया सबसे ठंडा शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 21.8 डिग्री, पचमढ़ी में 21.2 डिग्री, नौगांव में 21.6 डिग्री, रीवा में 22.2 डिग्री और खजुराहो-श्योपुर में 22.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

जनवरी में भी जारी कड़ाके की ठंड
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार नवंबर-दिसंबर में ठंड ने कई रिकॉर्ड तोड़े और जनवरी में भी यही रुझान जारी है। भोपाल में ठंड का 10 साल का रिकॉर्ड टूट चुका है। प्रदेश में तेज सर्दी, घना कोहरा और शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है।

कोहरे से रेल यातायात प्रभावित
घने कोहरे के कारण ट्रेनों की समय-सारणी भी प्रभावित हो रही है। दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मालवा एक्सप्रेस, पंजाब मेल, जनशताब्दी, झेलम और सचखंड एक्सप्रेस सहित एक दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित बताई जा रही हैं।

Share:

Leave a Comment