enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:संकल्प से समाधान अभियान को मिशन मोड में लागू करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

सीधी:संकल्प से समाधान अभियान को मिशन मोड में लागू करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता - कलेक्टर

सीधी(ईन्यूज एमपी)-समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि “संकल्प से समाधान अभियान” शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है और इसे केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसेवा के मिशन के रूप में लिया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान कर उन्हें राहत पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारी यह संकल्प लें कि जिले का कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक चलने वाले इस अभियान को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। प्रथम चरण में 12 जनवरी से 15 फरवरी तक प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड में शिविर आयोजित कर आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारियों की तैनाती तत्काल सुनिश्चित की जाए तथा यह जिम्मेदारी तय की जाए कि एक भी आवेदन ऑफलाइन न रहे। सभी आवेदन अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज हों। कलेक्टर ने कहा कि अगर शुरुआत मजबूत होगी, तो समाधान भी समय पर और संतोषजनक होगा।

दूसरे चरण में 16 फरवरी से 16 मार्च तक ग्राम पंचायतों के क्लस्टर एवं नगरीय निकायों में शिविर लगाकर नागरिकों को उनके आवेदन की स्थिति की स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि केवल औपचारिक सूचना न दी जाए, बल्कि यह भी बताया जाए कि आवेदन किस स्तर पर है और निराकरण में कितना समय लगेगा। इससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि तीसरे चरण में 16 मार्च से 26 मार्च तक ग्राम पंचायतों एवं नगरीय वार्डों में शिविर लगाकर लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। अंतिम चरण में 26 मार्च से 31 मार्च तक जिला स्तर पर प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित शिविरों में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि लाभ का कागजी नहीं, बल्कि धरातल पर दिखना ही हमारी सफलता का पैमाना होगा।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह अभियान प्रशासन की संवेदनशीलता और कार्यकुशलता को जनता के सामने प्रदर्शित करने का अवसर है। सभी अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करें, लक्ष्य निर्धारित करें और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें। शिविरों की तिथियों का निर्धारण कर स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी प्रसारित कर अधिक से अधिक नागरिकों को शिविरों से जोड़ा जाए।

समाधान ऑनलाइन में चयनित प्रकरणों को प्राथमिकता पर निराकृत करने के निर्देश

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले की रैंकिंग सुधारना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को केवल बंद करने की मानसिकता से नहीं, बल्कि समस्या के स्थायी समाधान के दृष्टिकोण से देखा जाए। समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में चयनित शिकायतों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में निराकृत किया जाए। बार-बार शिकायत दर्ज होने वाले विभाग अपने कार्यप्रणाली की समीक्षा करें और फील्ड स्तर पर सुधार सुनिश्चित करें, ताकि शिकायत दोबारा दर्ज न हो।

कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के लंबित बिंदुओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश

कलेक्टर ने कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में प्राप्त निर्देशों पर चर्चा करते हुए कहा कि राज्य स्तर से मिले प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से कार्यवाही की जाए। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत हो। लंबित मामलों में स्पष्ट कारण दर्ज कर त्वरित निराकरण की कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की अपेक्षाएं तभी पूरी होंगी, जब जिला स्तर पर हर निर्देश को जिम्मेदारी से अमल में लाया जाएगा।

बैठक में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समारोह गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं समयबद्ध ढंग से आयोजित हो। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जिला स्तर पर गणतंत्र दिवस का आयोजन स्मरणीय बन सके।

अंत में कलेक्टर ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान के माध्यम से हितग्राही मूलक योजनाओं में सैचुरेशन प्राप्त करना प्रशासन का प्रमुख लक्ष्य है। सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विभाग प्रमुख नेतृत्व करते हुए नियमित मॉनीटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि जिले का प्रत्येक पात्र नागरिक योजनाओं का लाभ प्राप्त करे।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, उपखंड अधिकारी सिहावल प्रिया पाठक, गोपद बनास राकेश शुक्ला सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment