enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी–मड़वास मार्ग पर बल्कर की चपेट में आने से युवक गंभीर, बायां पैर चकनाचूर

सीधी–मड़वास मार्ग पर बल्कर की चपेट में आने से युवक गंभीर, बायां पैर चकनाचूर

सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी–मड़वास मुख्य मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहन हादसे का कारण बन गया। टिकरी गांव से करीब दो किलोमीटर पहले जेपी कंपनी से निकले एक बल्कर ट्रक की चपेट में आने से परासी निवासी महाबली मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनका बायां पैर पूरी तरह कुचल गया। घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महाबली मिश्रा ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान वे सड़क किनारे गिर पड़े। मौके पर मौजूद दो पुलिसकर्मी उन्हें उठाने का प्रयास कर रहे थे, तभी तेज गति से आए बल्कर ट्रक ने उनके पैर को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

लगातार हो रहे हादसों से आक्रोश
सीधी–मड़वास मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से हादसों का गढ़ बन चुकी है। जानकारी के मुताबिक इस मार्ग को करीब आठ माह पूर्व चार लेन में तब्दील करने की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

लोगों ने जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर हर महीने दर्जनों दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोग जान गंवा चुके हैं या गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी मांग की है।

Share:

Leave a Comment