enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मुरुम से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो नाबालिगों की दबकर मौत

मुरुम से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो नाबालिगों की दबकर मौत


सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)-सिंगरौली जिले के नोढिहवा चौकी क्षेत्र अंतर्गत गोडगवां गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुरुम से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे ट्रॉली में सवार दो नाबालिग लड़कों की दबकर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली मुरुम से लदी हुई थी और तेज रफ्तार में जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के वक्त ट्रॉली में सवार 15 वर्षीय बुद्धिमान और 14 वर्षीय मक्कलू मुरुम के नीचे दब गए। मुरुम का वजन अधिक होने के कारण दोनों किशोरों को संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

बताया गया है कि दोनों किशोर मुरुम को खाली कराने के लिए ट्रैक्टर पर बैठे हुए थे। घटना के समय ट्रैक्टर संतकुमार यादव चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार के कारण चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण नहीं रख सका।

सूचना मिलते ही नोढिहवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद मुरुम हटाकर शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही और तेज गति को माना जा रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share:

Leave a Comment