मझौली(ईन्यूज एमपी)-सीधी के मझौली क्षेत्र में बीती शाम एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया है। घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मझौली निवासी नागेंद्र कुमार कोल और सीताराम कोल शुक्रवार शाम बाइक से बाजार सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक बच्चा सड़क पर आ गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में बाइक सवारों ने तेज ब्रेक लगाया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में दोनों को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल मझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी सुदेश पटेल ने बताया कि बाइक तेज गति में थी, हालांकि हादसे में सड़क पर आए बच्चे को कोई चोट नहीं आई। जिला अस्पताल में पदस्थ स्वास्थ्यकर्मी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों घायलों के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। सीताराम कोल के एक हाथ में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि नागेंद्र कुमार कोल की हालत फिलहाल स्थिर है। दोनों का इलाज जारी है। अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में दो लोग घायल हुए हैं और बच्चे को कोई चोट नहीं लगी है। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।