enewsmp.com
Home सीधी दर्पण मुख्यमंत्री ने सिहावल विधानसभा क्षेत्र में लगाई विकास सौगातों की झड़ी

मुख्यमंत्री ने सिहावल विधानसभा क्षेत्र में लगाई विकास सौगातों की झड़ी

बहरी में 201.64 करोड़ रुपये के 209 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास

12 जनवरी से 31 मार्च तक चलेगा प्रदेशव्यापी जनकल्याण अभियान

सीधी(ईन्यूज एमपी))-प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीधी जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बहरी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए एक के बाद एक बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी जिले में विकास के सभी कार्य कराए जाएंगे और अब सीधी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहेगा। सिहावल और सीधी के लोगों से मिले अपार स्नेह पर उन्होंने कहा कि “यह क्षेत्र मेरे हृदय में बसता है, यहां के लोगों के प्रेम ने मेरा दिल जीत लिया है।”

मुख्यमंत्री ने सिहावल विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी सभी मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन देते हुए देवसर में पूर्णकालिक अपर कलेक्टर न्यायालय खोलने तथा बहरी में आगामी शिक्षा सत्र से महाविद्यालय प्रारंभ करने की घोषणा की। इसके साथ ही सिहावल महाविद्यालय में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की स्वीकृति प्रदान की गई। शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ने 12 हाईस्कूलों के उन्नयन की भी घोषणा की।

स्वास्थ्य, सड़क और पुल निर्माण को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री ने बहरी सिविल अस्पताल के उन्नयन तथा ग्राम सरौधा, पोखरा, जुड़वार एवं हर्राविरान में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खोलने की घोषणा की।
उन्होंने जेठुला से खुरमुचा मार्ग तथा लौआर से बिछरी मार्ग पर गोपद नदी में दो पुलों के निर्माण तथा सोनगढ़ मार्ग पर महान नदी में रपटा निर्माण की भी घोषणा की।

इसके साथ ही चुरहट से चितरंगी तक 129 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई, जिससे क्षेत्रीय आवागमन को मजबूती मिलेगी।

सिंचाई और कृषि को मिलेगा बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि हनुमना–सीतापुर लिफ्ट इरिगेशन परियोजना से सिहावल क्षेत्र के गांवों को भी सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नदी जोड़ो परियोजना के माध्यम से प्रदेश में 10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा दी जा रही है और आगामी पांच वर्षों में एक करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि कोदो-कुटकी एवं अन्य श्रीअन्न के साथ-साथ गेहूं उपार्जन पर भी किसानों को बोनस दिया जाएगा।

12 जनवरी से 31 मार्च तक जनकल्याण अभियान

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी से 31 मार्च तक प्रदेश में जनकल्याण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर शासन की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों से आवेदन भरवाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

लाडली बहनों को अब तक 50 हजार करोड़ रुपये का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये किसान सम्मान निधि तथा लाडली बहना हितग्राहियों को प्रतिवर्ष 18 हजार रुपये की सहायता प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाई तो बहन को केवल राखी पर उपहार देता है, लेकिन हमारी सरकार हर महीने बहनों को 1500 रुपये दे रही है। अब लाडली बहनों को उद्योगों से जोड़कर न्यूनतम 5 हजार रुपये प्रतिमाह आय का अवसर भी दिया जाएगा।
अब तक लाडली बहना योजना के माध्यम से 50 हजार करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।

201.64 करोड़ रुपये के 209 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में 201 करोड़ 64 लाख रुपये लागत के 209 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

68 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 179 कार्यों का लोकार्पण
133 करोड़ 62 लाख रुपये** लागत के 30 कार्यों का शिलान्यास

इसके साथ ही “एक बगिया मां के नाम” योजना अंतर्गत 505 हितग्राहियों को 11 करोड़ 58 लाख रुपये की राशि से लाभान्वित किया गया।

हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, प्रदर्शनी का अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को मंच से हितलाभ वितरित किए। कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों से संवाद किया।
बाल विवाह विरोधी शपथ अभियान में सहभागिता कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।

आदिवासी लोकनृत्य से हुआ स्वागत

मुख्यमंत्री के बहरी आगमन पर परम्परागत आदिवासी सैला एवं गुदुम नृत्य से आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा का वातावरण बना रहा।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

समारोह में सिहावल विधायक श्री विश्वामित्र पाठक, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम, विधायक देवसर श्री राजेन्द्र मेश्राम, विधायक सिंगरौली श्री रामनिवास शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment