enewsmp.com
Home सीधी दर्पण तीन बार निरस्त होने के बाद आज बहरी पहुंचेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रशासन अलर्ट, पुलिस ने जारी की सख्त एडवाइजरी

तीन बार निरस्त होने के बाद आज बहरी पहुंचेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रशासन अलर्ट, पुलिस ने जारी की सख्त एडवाइजरी

सीधी(ईन्यूज एमपी)- सिहावल विधानसभा क्षेत्र के बहरी में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बहुप्रतीक्षित दौरा होने जा रहा है। तीन बार कार्यक्रम निरस्त होने के बाद आखिरकार आज मुख्यमंत्री बहरी पहुंचेंगे, जिसे लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। भारी ठंड और घने कोहरे के बीच यह कार्यक्रम प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है, लेकिन सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपरान्ह 2 बजे हेलीकॉप्टर से बहरी पहुंचेंगे। वे यहां विभिन्न विभागों के हितग्राहियों के प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम में शामिल होंगे और विशाल जनसमूह को संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सिहावल विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे सीधी जिले को 213 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से जुड़े 714 विकास कार्यों की सौगात देंगे। कार्यक्रम में विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा, साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए प्रशासनिक अमला लगातार निगरानी कर रहा है।

इसी बीच सीधी पुलिस ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए आमजन के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम स्थल पर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री लाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एडवाइजरी के अनुसार हथियार या शस्त्र जैसे बंदूक, चाकू, तलवार, डंडा, विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ, पटाखे, पेट्रोल, सिलेंडर, नुकीली वस्तुएं, ड्रोन या रिमोट कंट्रोल उपकरण, शराब, नशीले पदार्थ, तंबाकू उत्पाद, बोतलें, डिब्बाबंद पेय, बड़े बैग, बैकपैक, काले कपड़े, झंडे, बैनर और पोस्टर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

भारी कोहरे और हड्डियों को कंपा देने वाली ठंड के बीच आमजन का घर से निकलना एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है। एक ओर प्रशासन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुटा है, तो दूसरी ओर मौसम भी कड़ा इम्तिहान ले रहा है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Share:

Leave a Comment