सीधी(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 9 जनवरी 2026 को एक दिवसीय प्रवास पर सीधी जिले के बहरी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री रीवा एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा अपरान्ह 2 बजे बहरी आगमन करेंगे और कार्यक्रम उपरांत शाम 4 बजे पुनः रीवा के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। बहरी में आयोजित होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न विभागों के हितग्राहियों के प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही जिले को कुल 21322.18 लाख रुपये की लागत से जुड़े 714 विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगात देंगे। इन कार्यों के अंतर्गत 6801.40 लाख रुपये की लागत से 179 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 13362.67 लाख रुपये की लागत से 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के अंतर्गत 505 हितग्राहियों को 1158.11 लाख रुपये की राशि से लाभान्वित किया जाएगा। लोकार्पण किए जाने वाले 179 विकास कार्य अनुसूचित जाति विभाग, आदिवासी एवं जनजातीय कार्य विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, जिला पंचायत वाटरशेड, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित हैं। इन कार्यों से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना एवं ग्रामीण विकास को मजबूती मिलेगी। वहीं शिलान्यास किए जाने वाले 30 विकास कार्य पंचायत एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत वाटरशेड विकास), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीआईयू विभाग तथा लोक निर्माण विभाग के भवन एवं सड़क संभाग से जुड़े हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के हितग्राहियों का प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण भी किया जाएगा, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे हितग्राहियों तक पहुंचेगी और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। इस समारोह की अध्यक्षता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल करेंगे। कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक, विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, विधायक चुरहट अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह, पूर्व विधायक शरदेन्दु तिवारी एवं वरिष्ठ समाजसेवी देवकुमार सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद तथा पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत ने बहरी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, विद्युत, बैरिकेडिंग, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कमिश्नर बी.एस. जामोद ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन के शामिल होने की संभावना है, इसलिए बैठने, छाया, पेयजल, प्राथमिक उपचार, शौचालय एवं स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित की जाएं। वहीं आईजी गौरव राजपूत ने मुख्यमंत्री के आगमन एवं प्रस्थान के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने अब तक की गई तैयारियों और विभागीय समन्वय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और तैयारियों की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।