enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में शीतलहर का असर, स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

सीधी में शीतलहर का असर, स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में लगातार बढ़ती ठंड और तापमान में आई गिरावट को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सीधी द्वारा स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का आदेश जारी किया गया है। शीतलहर के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार सीधी जिले के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई तथा माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। पहले यह अवकाश 6 जनवरी 2026 से 8 जनवरी 2026 तक घोषित किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 9 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक कर दिया गया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में शिक्षकों को अपने-अपने विद्यालयों में नियमित रूप से उपस्थित रहना होगा तथा शासकीय कार्यों का संपादन करेंगे। साथ ही परीक्षाएं एवं अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहेंगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आगे भी परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।

लगातार पड़ रही ठंड और शीतलहर के कारण जिले के जनजीवन पर असर देखने को मिल रहा है। ऐसे में अभिभावकों ने भी प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है, जिससे छोटे बच्चों को ठंड से राहत मिल सकेगी।

Share:

Leave a Comment