enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, बहरी में तैयारियों का अंतिम दौर

सीधी में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, बहरी में तैयारियों का अंतिम दौर

सीधी में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, बहरी में तैयारियों का अंतिम दौर

सीधी(ईन्यूज एमपी)- 9 जनवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित बहरी प्रवास को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। कार्यक्रम की सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बहरी में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रवेश-निकास मार्गों, बैरिकेडिंग, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट, पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी एवं निगरानी व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए पृथक कार्ययोजना तैयार करने, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा सुनिश्चित करने तथा यातायात डायवर्जन समय पर लागू करने के निर्देश दिए गए। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और त्वरित प्रतिक्रिया दल को भी सतर्क रहने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन भी सक्रिय है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मंच व्यवस्था, अतिथि सत्कार, मीडिया समन्वय, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और हितग्राही लाभ वितरण सहित सभी आवश्यक बिंदुओं पर जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएँ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इस बीच अपर जिला दण्डाधिकारी बीपी पाण्डेय द्वारा मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेटियल ड्यूटी के आदेश जारी किए गए हैं। मंच स्थल, हेलीपैड, ग्रीन रूम, प्रदर्शनी स्थल, प्रवेश द्वार, पार्किंग और कार्यक्रम स्थल के विभिन्न सेक्टरों में अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी नियुक्त मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय से पूर्व अपने कार्यस्थलों का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के बहरी प्रवास के दौरान भारी वाहनों के आवागमन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। सीधी, सिंगरौली और अमिलिया की ओर से बहरी आने-जाने वाले भारी वाहनों पर 9 जनवरी को सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक रोक रहेगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है, लेकिन पिछले कुछ समय में बहरी क्षेत्र का मुख्यमंत्री कार्यक्रम चार बार प्रस्तावित होकर निरस्त हो चुका है। ऐसे में अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस बार मुख्यमंत्री का सीधी-बहरी दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होता है या एक बार फिर किसी कारणवश निरस्त होता है।

Share:

Leave a Comment