enewsmp.com
Home सीधी दर्पण खनिज के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, संयुक्त दल ने 5 वाहन किए जब्त

खनिज के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, संयुक्त दल ने 5 वाहन किए जब्त

सीधी (ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में आज जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। क्षेत्रीय उड़नदस्ता प्रभारी बसंत राम एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के नेतृत्व में खनिज विभाग एवं पुलिस के संयुक्त दल द्वारा बघवार, मड़वास, मझौली एवं कुसमी क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान खनिज रेत का अनाधिकृत परिवहन करते पाए गए तीन वाहनों टाटा 407 क्रमांक MP53GA4365, MP53GA3875 तथा एक बिना नंबर के हाईवा को नियमानुसार जब्त किया गया। जब्त वाहनों को सुरक्षार्थ थाना मड़वास एवं पुलिस चौकी टिकरी में खड़ा कराया गया। इसके अतिरिक्त एक बिना नंबर का हाईवा अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते हुए पाए जाने पर जब्त कर थाना मड़वास में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।

छापामार कार्रवाई से वापसी के दौरान ग्राम जोगीपुर बाईपास के पास एक बिना नंबर के हाईवा को खनिज स्टोन डस्ट का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे जब्त कर पुलिस थाना कोतवाली में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।

जब्त किए गए वाहनों के मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई हेतु कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सीधी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही जिन वाहनों में नंबर प्लेट अंकित नहीं पाई गई, उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई हेतु जिला परिवहन अधिकारी को पृथक से पत्र भेजा जाएगा।

खनिज विभाग एवं पुलिस द्वारा जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए निरंतर एवं प्रभावी संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव एवं देवेंद्र महोबे सहित पुलिस बल एवं खनिज विभाग के कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी सतत रूप से जारी रहेगी तथा दोषियों के विरुद्ध प्रचलित नियमों के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share:

Leave a Comment