enewsmp.com
Home सीधी दर्पण चुरहट वन परिक्षेत्र में दो तेंदुओं की मौत से हड़कंप, शिकार में संलिप्त तीन आरोपी गिरफ्तार

चुरहट वन परिक्षेत्र में दो तेंदुओं की मौत से हड़कंप, शिकार में संलिप्त तीन आरोपी गिरफ्तार

सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र चुरहट के बीट चुरहट क्षेत्र में दो तेंदुओं के मृत पाए जाने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। 4 जनवरी 2026 को नियमित गश्ती के दौरान सुरक्षा श्रमिकों ने जंगल क्षेत्र में दो तेंदुओं को मृत अवस्था में देखा, जिसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुख्य वन संरक्षक वन वृत्त रीवा के निर्देशन एवं वनमंडल अधिकारी सीधी के मार्गदर्शन में उप वनमंडल अधिकारी मझौली तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी चुरहट द्वारा निर्धारित मानक कार्यप्रणाली के अनुसार कार्रवाई की गई। प्रोटोकॉल के तहत दोनों मृत तेंदुओं का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद नियमानुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए संजय टाइगर रिजर्व सीधी एवं वनमंडल सतना से डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया गया। वन परिक्षेत्र चुरहट के अमले और वनमंडल सीधी के कर्मचारियों द्वारा घटनास्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान तेंदुओं के शिकार में संलिप्त तीन आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय चुरहट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

वन विभाग द्वारा इस घटना को गंभीर वन्यजीव अपराध मानते हुए आगे की जांच जारी रखी गई है तथा क्षेत्र में निगरानी और गश्त को और सख्त कर दिया गया है।

Share:

Leave a Comment