enewsmp.com
Home सीधी दर्पण आनंद उत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर कुसमी में उपखंड स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न

आनंद उत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर कुसमी में उपखंड स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न

सीधी(ईन्यूज एमपी)-आनंद उत्सव 2026 के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को उपखंड कार्यालय कुसमी के सभागार में उपखंड स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी कुसमी विकास कुमार आनंद ने की। बैठक में तहसीलदार कुसमी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी, बीआरसीसी, नायब तहसीलदार, सहायक यंत्री, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, एनआरएलएम प्रबंधक सहित जनपद पंचायत के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में उपखंड अधिकारी ने आनंद उत्सव के शासन द्वारा निर्धारित उद्देश्यों से अधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्यक्रम आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आनंद उत्सव का आयोजन 14 जनवरी से 24 जनवरी 2026 के मध्य जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में किया जाएगा। तीन-तीन ग्राम पंचायतों को मिलाकर एक क्लस्टर बनाया जाएगा तथा क्लस्टर मुख्यालय में सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आनंद उत्सव के दौरान पारंपरिक खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्थानीय स्तर के अन्य गतिविधियों को शामिल करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर विशेष जोर दिया गया।

उपखंड अधिकारी ने बताया कि विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम के आयोजन के लिए नायब तहसीलदार अमित दुबे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। विकासखंड स्तरीय आनंद उत्सव कार्यक्रम 28 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिसके लिए सीईओ जनपद पंचायत कुसमी को जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने को कहा गया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी को क्लस्टर का चिन्हांकन कर निर्धारित पोर्टल पर कार्यक्रम की फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा बीआरसीसी सहित खंड स्तरीय विभाग प्रमुखों को कार्यक्रम के सफल आयोजन में आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा गया।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शासन की गाइडलाइन के अनुसार आनंद उत्सव 2026 का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश के साथ बैठक का समापन किया गया।

Share:

Leave a Comment