सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेबुहा में इन दिनों बाघिन की मौजूदगी से दहशत का माहौल बना हुआ है। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में स्थित एक निजी रिसोर्ट के आसपास पिछले पांच दिनों से बाघिन टी-40 अपने तीन शावकों के साथ लगातार देखी जा रही है। इस अप्रत्याशित स्थिति ने न केवल रिसोर्ट के संचालन को प्रभावित किया है, बल्कि कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार बाघिन टी-40 और उसके शावक खुलेआम रिसोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में विचरण कर रहे हैं। कुछ दिन पहले बाघिन ने रिसोर्ट के समीप एक गाय तथा ग्रामीणों की एक अन्य गाय और एक भैंस का शिकार किया, जिससे खतरा और अधिक बढ़ गया है। घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग असहज महसूस कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बाघिन विशेष रूप से रिसोर्ट के पिछले हिस्से में विकसित पार्क और खुले क्षेत्र में अधिक सक्रिय रहती है। रात के समय उसकी आवाजाही से कर्मचारियों और ग्रामीणों में डर और बढ़ जाता है। शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। सूत्रों के अनुसार रिसोर्ट के कुत्ते बाघिन और उसके शावकों की मौजूदगी को भांपकर लगातार भौंकते रहे। बताया गया कि बाघिन द्वारा शिकार की गई गाय के अवशेषों को उसने अपने और शावकों के भोजन के लिए सुरक्षित रखा है, फिर भी किसी अन्य अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। मामले को लेकर संजय टाइगर रिजर्व के एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि बाघिन और उसके शावकों की गतिविधियों की जानकारी वन विभाग को है। विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र व्योहारी रेंज के बफर जोन में आता है। फिलहाल बाघिन रिसोर्ट के मुख्य हिस्से में प्रवेश नहीं कर रही है और पीछे के पार्क क्षेत्र में ही विचरण कर रही है। वन विभाग अलर्ट मोड पर है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।