भोपाल(ईन्यूज एमपी)- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश को सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी है। प्रदेश के लिए लगभग 60 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की घोषणा की गई है, जिनसे आवागमन आसान होगा और विकास को नई गति मिलेगी। घोषणाओं में सबसे अहम परियोजना भोपाल से जबलपुर के बीच 255 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड हाईवे है। इस हाईवे की अनुमानित लागत करीब 15 हजार करोड़ रुपये बताई गई है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसका निर्माण कार्य अप्रैल–मई 2026 से शुरू होने की संभावना है। इसके बनने से राजधानी भोपाल और महाकौशल क्षेत्र के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। इसके अलावा लखनादौन से रायपुर के बीच 220 किलोमीटर लंबे चार लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर को भी मंजूरी दी गई है। इस परियोजना की लागत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये रहेगी और यह रायपुर–विशाखापत्तनम कॉरिडोर से जुड़ेगा। वहीं इंदौर से भोपाल के बीच 160 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को भी स्वीकृति दी गई है, जिसकी लागत करीब 12 हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से मध्यप्रदेश की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और प्रदेश देश के प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक केंद्रों से बेहतर तरीके से जुड़ेगा। इससे व्यापार, पर्यटन और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क परियोजनाएं प्रदेश के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से न सिर्फ यात्रा सुगम होगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। विशेषज्ञों के अनुसार इन परियोजनाओं से मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आने वाले वर्षों में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।