समुदायिक सहयोग से स्पॉन्सरशिप के पात्र बच्चों को मिलेगा संरक्षण और संबल सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की त्रैमासिक बैठक कलेक्टर स्वारोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष शांत शिरोमणि पयासी, सदस्य श्री सचीन्द्र मिश्रा एवं श्रीमती रंजना मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही। बैठक में कलेक्टर ने मिशन वात्सल्य अंतर्गत स्पॉन्सरशिप के लिए पात्र अनाथ एवं आर्थिक रूप से कमजोर विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं के बच्चों को समुदायिक सहयोग से निजी स्पॉन्सरशिप के माध्यम से लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग की सहभागिता से जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाया जा सकता है। कलेक्टर श्री सोमवंशी ने निर्देशित किया कि जिले के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, व्यवसायियों तथा औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों से व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क कर स्पॉन्सरशिप के लिए सहयोग प्राप्त किया जाए। इसके साथ ही योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर इच्छुक व्यक्तियों को आगे आने के लिए प्रेरित किया जाए। इस संबंध में जिला बाल संरक्षण अधिकारी को सक्रिय पहल करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर द्वारा जिले में संचालित सभी शासकीय एवं अशासकीय छात्रावासों में कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से चरित्र सत्यापन कराए जाने तथा छात्रावासों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्यालय वाहनों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यालय वाहनों के चालकों एवं कर्मचारियों का नियमित रूप से पुलिस के माध्यम से चरित्र सत्यापन कराया जाए तथा वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत जांच सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर का सभी विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, ताकि संकटग्रस्त बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध हो सके। स्पॉन्सरशिप अंतर्गत लाभान्वित सभी बच्चों की नियमित गृहभेंट कर उनकी समस्याओं का निराकरण एवं काउंसलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारियों को दिए गए। जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की इस त्रैमासिक बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव, उपखंड अधिकारी सिहावल सुश्री प्रिया पाठक, जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री प्रवेश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।