छतरपुर(ईन्यूज एमपी)- जिले में घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सोमवार सुबह बक्सवाहा थाना क्षेत्र के लालघाटी इलाके में यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार टीकमगढ़ से जबलपुर की ओर जा रही महाकाल ओरछा ट्रांसपोर्ट की बस सुबह के समय घने कोहरे के बीच बक्सवाहा क्षेत्र से गुजर रही थी। कोहरा इतना अधिक था कि सामने कुछ ही मीटर की दूरी तक दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान सड़क पर खड़े एक ट्रक और सामने से आ रहे दूसरे ट्रक के कारण बस चालक घबरा गया। अचानक ब्रेक लगने से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उतरकर पास ही एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। बक्सवाहा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बमीठा एवं चंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कुछ को सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद प्रशासन ने कोहरे के मौसम में वाहन चालकों से सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।