enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में मध्यप्रदेश, 17 जिलों में स्कूल बंद, कई जगह बदली टाइमिंग

घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में मध्यप्रदेश, 17 जिलों में स्कूल बंद, कई जगह बदली टाइमिंग

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश इन दिनों भीषण ठंड, शीतलहर और घने कोहरे की गिरफ्त में है। रविवार की सुबह प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोहरे की चादर के साथ हुई, जबकि भोपाल में सोमवार को इस सीजन का अब तक का सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया। राजधानी में दृश्यता 20 मीटर से भी कम रही। रविवार को भी पूरे दिन घना कोहरा छाया रहा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।

प्रदेश के ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, उमरिया, राजगढ़ सहित कई जिलों में कोल्ड वेव यानी शीतलहर का असर देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। सोमवार सुबह भोपाल समेत इंदौर, उज्जैन, देवास, सीहोर, रायसेन, शाजापुर, विदिशा, सागर, दमोह, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया और कटनी में घना कोहरा छाया रहा। दिन के समय राजगढ़, दतिया, छतरपुर और उमरिया में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

तेज सर्दी और कोहरे को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रदेश के 17 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है, जबकि भोपाल और धार में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है।

**इन जिलों में स्कूलों में अवकाश**
इंदौर में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है। उज्जैन में नर्सरी से पांचवीं तक एक दिन की छुट्टी दी गई है। मंदसौर में नर्सरी से आठवीं तक दो दिन का अवकाश रहेगा। शाजापुर और विदिशा में नर्सरी से आठवीं (विदिशा में पांचवीं तक) के स्कूलों में 5 और 6 जनवरी को अवकाश रहेगा।
ग्वालियर में नर्सरी से आठवीं तक 5 और 6 जनवरी को छुट्टी रहेगी, जबकि 7 जनवरी से स्कूल खुलेंगे। अशोकनगर में 5 जनवरी को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। रायसेन में नर्सरी से पांचवीं तक 7 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है।
आगर मालवा, भिंड, टीकमगढ़, हरदा, नीमच, रतलाम, राजगढ़ और मंडला जिलों में भी नर्सरी से आठवीं तक दो दिन का अवकाश रहेगा। जबलपुर में नर्सरी से आठवीं तक 5 और 6 जनवरी को छुट्टी रहेगी, हालांकि परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी।

**भोपाल और धार में बदली स्कूल टाइमिंग**
राजधानी भोपाल में नर्सरी से आठवीं तक के स्कूल सुबह 9.30 बजे के बाद ही संचालित होंगे। धार जिले में भी नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं 9.30 बजे के बाद लगेंगी, जबकि 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं का समय यथावत रहेगा।

मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment