enewsmp.com
Home सीधी दर्पण रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन पर कड़ी कार्रवाई खनिज–पुलिस संयुक्त दल का तड़के नदी घाटों पर छापा, तीन वाहन जब्त

रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन पर कड़ी कार्रवाई खनिज–पुलिस संयुक्त दल का तड़के नदी घाटों पर छापा, तीन वाहन जब्त

सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मार्गदर्शन में जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के नेतृत्व में खनिज एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने शनिवार तड़के 4 बजे से गोपदबनास एवं बहरी तहसील क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों का सघन निरीक्षण किया।

नदी घाटों पर सघन जांच, अवैध भंडारण पकड़ा
संयुक्त दल द्वारा पिपरोहर, रामडीह, मयापुर, बहरी, डोल, बरपान, पोड़ी एवं सिरसी सहित कई नदी घाटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान ग्राम डोल, तहसील बहरी में गोपद नदी से अवैध उत्खनन कर खनिज रेत का भंडारण करते हुए रेत जब्त की गई। मौके से संलिप्त वाहन टाटा 912 क्रमांक UP64AT3385 को जब्त कर सुरक्षार्थ थाना बहरी परिसर में खड़ा कराया गया।

बिना नंबर हाइवा और टाटा 407 भी जब्त
इसी क्रम में ग्राम बरमबाबा क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट के एक हाइवा वाहन को अवैध रूप से खनिज रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे नियमानुसार जब्त कर थाना प्रभारी कोतवाली की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया। वहीं मड़रिया बायपास स्थित पेट्रोल पंप के पास वाहनों से कटिंग कर अवैध रेत व्यापार की शिकायतों की जांच के दौरान टाटा 407 क्रमांक MP53GA3511 को अवैध भंडारण से रेत लोड करते हुए पकड़ा गया, जिसे कोतवाली थाना पुलिस को सौंपा गया।

दोषियों पर होगी सख्त वैधानिक कार्रवाई
जिला प्रशासन ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों के मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई हेतु कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सीधी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। जिन वाहनों में नंबर प्लेट अंकित नहीं पाई गई, उनके संबंध में जिला परिवहन अधिकारी को पृथक से पत्र प्रेषित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अवैध भंडारणकर्ताओं की पहचान जारी
निरीक्षण के दौरान ग्राम पिपरोहर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर खनिज रेत के ढेर पाए गए हैं। प्रशासन द्वारा अवैध भंडारणकर्ताओं की पहचान की जा रही है, जिसके उपरांत संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अभियान आगे भी रहेगा जारी
खनिज विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली सीधी कन्हैया सिंह बघेल, प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव, सहायक उप निरीक्षक नर्मदा प्रसाद प्रजापति सहित पुलिस बल एवं सहयोगी कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

Share:

Leave a Comment