सीधी(ईन्यूज एमपी)-पटेल पुल अमहा क्षेत्र में मध्य प्रदेश शासन द्वारा विपणन संघ को आवंटित की गई शासकीय भूमि पर एक बार फिर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक तथाकथित व्यापारी द्वारा उक्त जमीन पर हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह वही भूमि है, जिस पर करीब पांच वर्ष पूर्व बेजा कब्जा कर लिया गया था। उस समय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाया था और जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया था। अब एक बार फिर उसी जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस बार कब्जे को स्थायी रूप देने के लिए धार्मिक भावनाओं का सहारा लिया जा रहा है, ताकि प्रशासनिक कार्रवाई को रोका जा सके। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शासकीय जमीन पर मूर्ति रखकर कब्जा करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित कर सकता है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पूर्व की तरह सख्त कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को पुनः कब्जा मुक्त कराया जाए। लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में अन्य शासकीय जमीनों पर भी इसी तरह कब्जे के प्रयास बढ़ सकते हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि राजस्व विभाग द्वारा स्थिति का परीक्षण कराया जा रहा है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।