भोपाल(ईन्यूज एमपी)- - आजाद अध्यापक शिक्षक संघ म प्र के प्रांतीय सचिव हरीश मिश्र एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष विजय तिवारी ने संयुक्त रूप से जारी विज्ञप्ति में बताया कि प्रांताध्यक्ष भरत पटेल की अध्यक्षता में भोपाल के अंबेडकर मैदान में प्रदेश के अध्यापक शिक्षकों की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन कार्यक्रम संपन्न हुआ जिसमें प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 30000 से ऊपर की संख्या में पदाधिकारी एवं अध्यापकों ने सहभागिता की। धरना प्रदर्शन में अध्यापक शिक्षक संवर्ग को नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता देते हुए ग्रेच्युटी पेंशन, अवकाशों का नगदीकरण एवं अन्य सभी लाभ की मांग के साथ-साथ हड़ताल अवधि की वेतन भुगतान, आठवें वेतनमान लागू करने, कैशलेश मेडिकल सुविधा, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, गुरु जिओ को नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता आदि मांगों को प्रांताध्यक्ष भरत पटेल द्वारा प्रमुखता से रखा गया। प्रदेश भर आए शिक्षकों को प्रदेश के यशस्वी लोकप्रिय शिक्षामंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने फोन पर संबोधित करते हुए कहा कि हम मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में ऐसा प्रयास कर रहे हैं कि आपकी बेहतरी के लिए अच्छा किया जाय, शिक्षामंत्री जी ने कहा कि भरत जी से आप सब की समस्याओं के लिए बात होती रहती है उनसे मिले फीडबैक को अमली जामा पहनाने का प्रयास करते हैं, आप जिन समस्याओं के लिए दो चार होते रहते हैं उनके निराकरण के लिए प्रयास किया जा रहेहैं, ड्राप आउट, इनरोलमेंट, बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए शिक्षा मंत्री जी ने भरत पटेल सहित सभी शिक्षकों को बधाई दिया। हड़ताल अवधि की रुकी वेतन एवं अन्य समस्याओं के निराकरण का बेहतर प्रयास के साथ साथ शिक्षामंत्री द्वारा यह भी आश्वासन दिया गया कि शिक्षकों का किसी तरह का आर्थिक नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री जी ने शिक्षकों के लिए आगामी समय में भवन सुविधा एवं अन्य अच्छी सुविधा देने का भी आश्वासन दिया और शिक्षकों के सम्मुख आज के कार्यक्रम में मंच पर ना पहुंच पाने पर खेद व्यक्त किया।