सीधी(ईन्यूज एमपी)-निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के समस्त विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। आयोग द्वारा जारी संशोधित समय-सारणी के तहत मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 23 दिसंबर को किया जा चुका है। गहन पुनरीक्षण के दौरान जो मतदाता किसी कारणवश उपलब्ध नहीं हो सके थे, उन्हें संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे छूटे हुए मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। वहीं मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीपी पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची से संबंधित दावे-आपत्तियाँ 22 जनवरी 2026 तक दर्ज कराई जा सकती हैं। इसी अवधि में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए भी आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत मतदाता सूची को 17 फरवरी 2026 तक अंतिम रूप दिया जाएगा तथा निर्वाचन आयोग की अनुशंसा के बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नवीन कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।