सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीधी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में थाना जमोड़ी पुलिस ने सोन नदी घाट से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन कर रहे एक टाटा 407 वाहन सहित एक मोटरसाइकिल जप्त की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी को 01 जनवरी 2026 की रात लगभग 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डेम्हा स्थित सोन नदी घाट से कुछ लोग टाटा 407 वाहन के माध्यम से अवैध रूप से बालू का उत्खनन कर परिवहन कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस ने ग्राम डेम्हा हरिजन बस्ती के समीप सोन नदी घाट पर ड्रैगन टॉर्च की रोशनी में देखा कि टाटा 407 क्रमांक MP 53 GA 2462 में आधी बॉडी अवैध बालू लोड की जा चुकी थी। पुलिस को देखते ही आरोपी वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी देख वे वाहन और मोटरसाइकिल छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से टाटा 407 वाहन (कीमत लगभग 1 लाख रुपये) और एक मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) जप्त की है। फरार आरोपियों, जिनमें वाहन चालक, वाहन स्वामी एवं मोहित सिंह उर्फ कल्लू शामिल हैं, के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5), 3(5), खान एवं खनिज अधिनियम, भारतीय वन अधिनियम, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम तथा मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक वीरभान, प्रधान आरक्षक 326 गुरु प्रसन्न सिंह, प्रधान आरक्षक चालक अशोक, आरक्षक के.पी. सिंह एवं आरक्षक सतीश की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।