सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि संचालनालय महिला एवं बाल विकास, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार यह भर्ती एमपी ऑनलाइन चयन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 से प्रारंभ होकर 10 जनवरी 2026 तक चलेगी। वहीं ऑनलाइन आवेदन में त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 12 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन आवेदन अथवा दावा-आपत्ति मान्य नहीं होगी। जिले के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के पद रिक्त हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए कुसमी, मझौली, सिहावल, सीधी-2 एवं रामपुर नैकिन-2 परियोजना अंतर्गत चयनित केंद्रों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। वहीं आंगनवाड़ी सहायिका पद के लिए कुसमी, मझौली, सिहावल, सीधी-1 एवं रामपुर नैकिन-2 परियोजना क्षेत्रों के कई केंद्रों को शामिल किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र आवेदिकाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर एमपी ऑनलाइन चयन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना सुनिश्चित करें। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं शर्तें पोर्टल पर उपलब्ध रहेंगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और केवल ऑनलाइन दर्ज आवेदनों पर ही विचार किया जाएगा।