सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी शहर में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब संभागीय राज्यकर (जीएसटी) विभाग की टीम ने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित शालू पान मसाला की दुकान, घर और गोदाम पर एक साथ छापामार कार्रवाई की। यह कार्रवाई शाम करीब 4 बजे शुरू हुई, जो रात लगभग 7 बजे तक चली। अधिकारियों के अनुसार बुधवार को भी जांच की कार्रवाई जारी रहेगी, इसके बाद ही कर देयता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के अनुसार, संभागीय राज्यकर विभाग की 12 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से एक साथ तीनों स्थानों पर पहुंचकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पान मसाला से जुड़े कच्चे और पक्के बिलों, स्टॉक रजिस्टर तथा ओपनिंग-क्लोजिंग स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। पान मसाला में विभिन्न प्रकार की सामग्री होने के कारण एक-एक कर दस्तावेजों और स्टॉक की गहन जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक के गोदाम और आवास को सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कर चोरी हुई है या नहीं और यदि हुई है तो कितनी राशि की देयता बनती है। छापे की सूचना मिलते ही अन्य दुकानें बंद जीएसटी की कार्रवाई की खबर फैलते ही शहर के अन्य पान मसाला व संबंधित दुकानों के संचालकों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विभाग द्वारा अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की जा सकती है। कार्रवाई में सहायक आयुक्त अमित पटेल, राज्यकर अधिकारी मृत्युंजय तिवारी, निरीक्षक सत्यनारायण सेन, ओमकार दुबे, साक्षी तिवारी, निधि पांडे सहित सहयोगी स्टाफ जय पटेल, प्रदीप पंवार और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा। जांच पूरी होने के बाद विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।