सीधी(ईन्यूज एमपी)-फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक, रीवा परिक्षेत्र श्री हेमंत चौहान द्वारा इनाम राशि में वृद्धि की गई है। उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी या दस्तयाबी पर 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। घोषित इनाम जिन आरोपियों पर रखा गया है, उनमें नीलेश रजक पिता पन्ना लाल रजक, निवासी ग्राम कर्गिल, थाना जमोड़ी तथा आर्यन सिंह चौहान पिता धर्मेन्द्र सिंह चौहान उर्फ भोले, निवासी ग्राम छिरौही, थाना जमोड़ी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा उक्त दोनों फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अब पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा पूर्व घोषित इनाम को निरस्त करते हुए राशि बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है। पुलिस उप महानिरीक्षक ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी, पतासाजी अथवा किसी भी प्रकार की ठोस सूचना देने वाले व्यक्ति को 20 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस अधिकारियों को सूचित करें, ताकि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।